BILL GATES : Bill Gates distanced himself from the AI Summit, find out why.
नई दिल्ली। राजधानी में चल रहे ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में बड़ा बदलाव सामने आया है। बिल गेट्स अब समिट में अपना मुख्य भाषण नहीं देंगे। इसकी जानकारी गेट्स फाउंडेशन ने आधिकारिक बयान जारी कर दी।
फाउंडेशन ने कहा कि यह फैसला काफी सोच-विचार के बाद लिया गया है ताकि समिट का पूरा ध्यान उसकी प्राथमिकताओं पर केंद्रित रह सके।
अंकुर वोरा करेंगे प्रतिनिधित्व
समिट में अब फाउंडेशन का पक्ष अंकुर वोरा रखेंगे, जो अफ्रीका और भारत कार्यालयों के प्रेसिडेंट हैं। वे समिट के एक सत्र में फाउंडेशन के कामकाज और AI से जुड़े सामाजिक प्रयासों पर अपनी बात रखेंगे।
एपस्टीन केस से जुड़ा विवाद
बिल गेट्स का नाम हाल ही में अमेरिकी अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में सामने आया है। एपस्टीन पर यौन अपराधों और नाबालिगों की तस्करी के गंभीर आरोप थे।
2019 में एपस्टीन की आत्महत्या के बाद उससे जुड़े कई गोपनीय दस्तावेज सार्वजनिक किए गए। इन दस्तावेजों में गेट्स और एपस्टीन के बीच संपर्क का उल्लेख है।
एक इंटरव्यू में बिल गेट्स ने इन मुलाकातों पर अफसोस जताते हुए कहा कि उन्हें एपस्टीन के साथ बिताए समय का पछतावा है और उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी है।
Nvidia CEO ने भी दौरा टाला
समिट में सुंदर पिचाई और सैम ऑल्टमैन जैसे दिग्गज शामिल हो रहे हैं। वहीं Nvidia के CEO जेंसेन हुआंग ने भी अपना भारत दौरा रद्द कर दिया है। हालांकि कंपनी की ओर से इसकी कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है।
PM मोदी ने किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी को इस समिट का उद्घाटन किया था। कार्यक्रम नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहा है और 20 फरवरी तक चलेगा।
समिट के साथ ‘इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का भी आयोजन किया गया है, जहां दुनियाभर की कंपनियां अपने लेटेस्ट AI सॉल्यूशंस प्रदर्शित कर रही हैं।
‘सर्वजन हिताय’ थीम पर केंद्रित समिट
समिट की थीम ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ पर आधारित है। इसका उद्देश्य मानवता के हित में AI के वैश्विक सिद्धांतों को बढ़ावा देना है।
इसमें 110 से ज्यादा देशों और 30 अंतरराष्ट्रीय संगठनों की भागीदारी है। लगभग 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 45 से अधिक मंत्री कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
तीन सूत्रों पर आधारित विजन
समिट का विजन तीन मुख्य स्तंभों पर आधारित है –
पीपल : मानव-केंद्रित AI, जो अधिकारों की रक्षा करे।
प्लैनेट : पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ AI विकास।
प्रोग्रेस : समावेशी आर्थिक और तकनीकी प्रगति, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिले।
AI समिट से बिल गेट्स का हटना बना चर्चा का विषय, फाउंडेशन ने प्राथमिकताओं पर फोकस बताया कारण।

