CG LOOT CASE : Bullion trader attacked, robbed of Rs 3.35 crore
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार रात सराफा कारोबारी पर जानलेवा हमला कर 3 करोड़ 35 लाख रुपए की लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। कार सवार बदमाशों ने पहले कारोबारी की कार को टक्कर मारी, फिर विवाद करते हुए पिस्टल तानकर हथौड़े से सिर पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। बदमाश 2 किलो 200 ग्राम सोना, 3 लाख 50 हजार रुपए नकद समेत कुल 3.35 करोड़ का माल लूटकर फरार हो गए। वारदात का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
प्लानिंग के तहत टक्कर और हमला
जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी की वसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है। वे रोजाना दुकान से सोने के जेवर कार से घर ले जाते हैं। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय बीएसएनएल ऑफिस गली के तिराहे पर एक सफेद कार (CG 10 BJ 8147) ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
कार से उतरते ही बदमाशों ने विवाद शुरू कर दिया और पिस्टल निकाल ली। इसी दौरान उनके बाइक सवार साथी भी पहुंच गए। झूमाझटकी में पिस्टल की मैगजीन गिर गई, जिसके बाद बदमाशों ने पिस्टल के बट और हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार किया। संतोष तिवारी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
खून से लथपथ थाने पहुंचे कारोबारी
घायल कारोबारी किसी तरह घर पहुंचे और रिश्तेदार के साथ थाने जाकर घटना की सूचना दी। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिर पर गंभीर चोट के चलते 50 टांके लगे हैं और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
IG ने संभाली कमान, नाकेबंदी
घटना की जानकारी मिलते ही आईजी रामगोपाल गर्ग मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर शहर समेत जिले और पड़ोसी जिलों में नाकेबंदी की गई है। एडिशनल एसपी पंकज पटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
जांच के दौरान एक मैगजीन और कुछ राउंड बरामद किए गए हैं। हालांकि फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वारदात में इस्तेमाल कार और बाइक चोरी की पाई गई हैं।
आउटर में मिली लूटी गई कार
शहर के आउटर इलाके उरतुम के पास कारोबारी की कार बरामद हुई है। आशंका है कि आधा दर्जन से ज्यादा आरोपी शामिल थे और आउटर में दूसरी गाड़ी से फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और रैकी के बाद वारदात को अंजाम देने की आशंका जता रही है।
बाहरी गैंग की आशंका
जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे बाहरी गैंग के साथ स्थानीय बदमाशों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस टेक्निकल इनपुट और सर्च ऑपरेशन के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

