RAIPUR BREAKING : Vehicles missing, commotion in Commissioner’s office
रायपुर। राजधानी रायपुर में बुकिंग पर चलने वाली गाड़ियों के अचानक गायब होने से बड़ा मामला सामने आया है। एक दर्जन से ज्यादा वाहन मालिक सोमवार को पुलिस कमिश्नर ऑफिस पहुंच गए और अपनी गाड़ियां ढूंढने की मांग को लेकर जमकर नाराजगी जताई।
पीड़ित गाड़ी मालिकों का कहना है कि उन्होंने अपनी कारें बुकिंग और कमर्शियल काम के लिए दी थीं, लेकिन तय समय के बाद भी वाहन वापस नहीं लौटे। कई मामलों में ड्राइवरों या संबंधित लोगों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि सुनियोजित तरीके से गाड़ियों को गायब किया गया है।
वाहन मालिकों के मुताबिक, उनकी गाड़ियां ही रोजी-रोटी का मुख्य जरिया हैं। ऐसे में एक साथ इतनी गाड़ियों का गायब होना आर्थिक रूप से भारी पड़ रहा है। कुछ मालिकों ने पहले थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई धीमी होने से वे सीधे पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंच गए।
मौके पर मौजूद सभी गाड़ी मालिकों ने सामूहिक शिकायत दर्ज कर सख्त कार्रवाई और गाड़ियों की जल्द बरामदगी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि संबंधित व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

