KHABAR CHALISA SUNDAY SPECIAL Sideways Look: Address of SP’s letter changed…
कबीरधाम एसपी धर्मेंद्र सिंह छवाई ने प्रमोशन में होने वाले भेदभाव को लेकर पिछले दिनों मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर अपना दर्द बयां किया था। इस पत्र की तीखी प्रतिक्रिया हुई थी। पत्र के बाद मंत्रालय में बैठे बड़े अधिकारी नाराज भी हुए थे। गृहमंत्री विजय शर्मा के गृह क्षेत्र का मामला होने के कारण सवालों के घेरे में वो भी आ गये थे। इस पत्र के बाद चर्चा है कि कवर्धा एसपी को अपनी गलती का भान हो गया या किसी चतुर सलाहकार ने सलाह दे दिया। कवर्धा एसपी ने पत्र का मजमून बदलकर मंत्रालय भेजा है। इस पत्र में मुख्यमंत्री की जगह चीफ सेकेट्री के नाम लिखा पत्र गृह विभाग पहुंच चुका है। यानी पत्र का सिस्टम व तरीका जो होना चाहिए वही रहा। चीफ सेकेट्री को लिखे पत्र पर समीक्षा हो रही है। दूसरी तरफ, सोशल मीडिया में चल रहे कथित पत्र की तलाश की जा रही है। यह बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के नाम से लिख पत्र भी डिलिट हो गया है।
अजय चंद्राकर के सवालों से हलचल
विधानसभा के बजट सत्र एक बार फिर पूर्व मंत्री भाजपा के तेज तर्रार विधायक अजय चंद्राकर के इर्द -गिर्द होने के आसार है। अजय चंद्राकर ने आधा दर्जन निर्माण सहित प्रमुख विभागों में सवाल लगाकर तीखे प्रश्नों का बौछार कर दिया है। अजय के सवालों से कई अधिकारी विभाग अभी से परेशान है। हालांकि अजय चंद्राकर के विधानसभा क्षेत्र में कई बड़ी परियोजनाएं मंजूर हो रही है। करीबी लोगों को काम भी मिल रहा है। इसके बावजूद भी अजय की नाराजगी की चर्चा प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारे में है। विभागीय कार्यो व संसदीय मामलों के गहरे जानकार अजय चंद्राकर के सवालों से बजट सत्र में सत्ता पक्ष के मंत्री एक बार फिर घिरते नजर आएंगे।
अतिथि के साथ तबला वादक का पैसा लगेगा
प्रदेश के एक विवि के कुलपति को आमंत्रित करने में गीत संगीत में रुचि रखने वाले संस्था भी कतरा रहे हैं। देश के नामचीन कुलपति को गरिमामय कार्यक्रम में बुलाने के पहले खर्च का लेखा-जोखा पहुंच जाता है। बताया जाता है कि कुलपति अपने साथ आने वाले तबला वादक तक का पैसा आयोजकों से मांग लेते हैं। पिछले दिनों हुए दो-तीन बड़े कार्यक्रम में इस तरह का घटना होने के बाद कुलपति को बुलाने में कतरा रहे हैं।
सिंधी अकादमी में नियुक्ति पत्र विवाद
सिंधी अकादमी के अध्यक्ष की नियुक्ति पर विवाद चल रहा है। पहली बार महिला वर्ग से अकादमी अध्यक्ष तय किया गया। दुर्ग के किसी सुषमा जेठानी को अध्यक्ष बनाने की चर्चा है। आदेश इस सिर्फ इसलिए नहीं निकल पाए कि महिला को अध्यक्ष बनाने की चर्चा सोशल मीडिया में लीक हो गई।
अध्यक्ष पद के कई दावेदारों ने पार्टी के प्रमुख नेताओं से शिकायत की है। यह भी दावा किया गया कि जिसे अध्यक्ष बनाने की चर्चा है, उसका कोई अकादमी रिकॉर्ड नहीं है।
बताते हैं कि सिंधी समाज के संतजी दो नाम दिए थे, उनमें से एक नाम तय हुए हैं। फिलहाल तो शिकायतों की वजह से अध्यक्ष की नियुक्ति का आदेश जारी नहीं हो पाए हैं। अगले कुछ दिनों में सारी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
सट्टेबाजी के लिए दुबई में ट्रेनिंग
रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद जुआं-सट्टा और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है।
अभी पुलिस ने आन लाइन सट्टेबाजी में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 17 लाख रुपए नकदी जब्त की गई।
आरोपियों में एक ओम खेमानी को लेकर यह बताया गया कि वो चार महीने दुबई में रहकर आन लाइन सट्टेबाजी की ट्रेनिंग लेकर आया था और यहां बकायदा ग्रुप बनाकर सट्टेबाजी कर रहा था। इसी बीच पुलिस के हत्थे चढ़ गया। साफ है कि खाड़ी देशों से अब तक सट्टेबाजी जारी है।
राज्यसभा के लिए कांग्रेस में अभी से खींचतान
कांग्रेस में राज्यसभा की एक सीट के अभी से खींचतान शुरू हो गई है। दो सदस्य केटीएस तुलसी और फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल खत्म हो रहा है। अप्रैल में चुनाव होंगे। इसके लिए अधिसूचना अगले महीने जारी होगी। विधानसभा की संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस को दो में से एक ही सीट मिल पाएगी।
बताते हैं कि फूलोदेवी नेताम फिर राज्यसभा में जाने की कोशिश कर रही है, तो महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की नजर है। अभिषेक मनु सिंघवी भी छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में जाने की कोशिश कर सकते हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और पूर्व मंत्री मोहन मरकाम भी अपनी संभावनाएं तलाश रहे हैं। अब किसको मिलेगा, यह चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद पता चलेगा।

