CG SEX RACKET BUST : Prostitution in a rented house
रायगढ़, 2 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ में संगठित अपराधों पर लगातार कार्रवाई के बावजूद देह व्यापार जैसे अवैध धंधे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रायगढ़ जिले में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के केलो बिहार कॉलोनी में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संतोष सोनी के मकान में किराए पर रह रहा डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार का संचालन कर रहा है। बताया गया कि यहां नियमित रूप से ग्राहकों को बुलाया जाता था और तय रकम लेकर महिलाओं से देह व्यापार कराया जाता था।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम बनाई गई। आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर तय रकम के साथ मकान में भेजा। अंदर पहुंचने पर पाइंटर ने देखा कि वहां तीन महिलाएं मौजूद थीं और देह व्यापार को लेकर बातचीत चल रही थी। पूर्व निर्धारित संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान को चारों ओर से घेरकर छापा मारा।
छापे के दौरान मौके से डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मकान से तीन महिलाओं को भी बरामद किया, जिन्हें बाद में सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे को चला रहे थे और आसपास के इलाकों से ग्राहकों को बुलाया जाता था। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, नकद राशि और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है। मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, जिससे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का खुलासा हो सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार अन्य जिलों से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है। इस एंगल से जांच तेज कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

