CHHATTISGARH : Ajay Jamwal reached Chhattisgarh Watch office, important discussion
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में संगठन को और मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान की शुरुआत कर दी है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने इस मुहिम की शुरुआत करते हुए बताया कि प्रदेश में सांगठनिक प्रगति, विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर राज्यव्यापी बैठकों का सिलसिला शुरू हो चुका है। पहले चरण में रायपुर सहित आधा दर्जन जिलों में बैठकों का आयोजन किया गया है।
अजय जामवाल आज छत्तीसगढ़ वाच के प्रधान कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधान संपादक रामअवतार तिवारी से मुलाकात की। इस दौरान सामाजिक, राजनीतिक और सांगठनिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। जामवाल ने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए वे स्वयं प्रदेश भर का दौरा करेंगे और जिला, मंडल व बूथ स्तर तक संवाद स्थापित करेंगे।

उन्होंने कहा कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन की मजबूती भाजपा की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। अभियान के तहत जिला पदाधिकारियों, मोर्चा प्रमुखों और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क पर फोकस किया जाएगा।

इस अवसर पर अजय जामवाल ने छत्तीसगढ़ वाच कार्यालय का भ्रमण भी किया और मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सकारात्मक चर्चा की। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ वाच द्वारा जारी किए गए वार्षिक कैलेंडर का लोकार्पण किया। कैलेंडर को उपयोगी बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विशेषताओं और प्रेरक संदेशों को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
अजय जामवाल के इस दौरे और संगठनात्मक घोषणा से प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है।

