PARAGLIDING HADSA : Pilot dies in Bir-Billing paragliding accident
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित विश्वप्रसिद्ध बीर-बिलिंग पैराग्लाइडिंग साइट से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कांगड़ा जिले में उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक टैंडम पैराग्लाइडर तकनीकी खराबी के कारण असंतुलित होकर नीचे गिर गया। इस हादसे में अनुभवी पायलट की मौत हो गई, जबकि साथ उड़ान भर रहा पर्यटक घायल हो गया।
घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है, जब बिलिंग के टेक-ऑफ पॉइंट से टैंडम पैराग्लाइडर ने उड़ान भरी थी। बीर-बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अनुसार, हवा में पहुंचते ही ग्लाइडर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे वह संतुलन खो बैठा और उड़ान स्थल के नीचे सड़क के पास गिर पड़ा।
हादसे में पायलट मोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वह मंडी जिले के बरोट के रहने वाले थे और पैराग्लाइडिंग के अनुभवी पायलट माने जाते थे। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पायलट और पर्यटक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मोहन सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, घायल पर्यटक को प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया गया है।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
इस घटना ने एक बार फिर साहसिक खेलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर उपकरणों की नियमित जांच, पायलटों के प्रमाणन और सुरक्षा नियमों के सख्त पालन को लेकर चिंता जताई जा रही है।
कांगड़ा के जिला पर्यटन विकास अधिकारी विनय कुमार ने कहा कि जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

