CG BREAKING : Property tax can now be paid from home, 53 urban bodies of Chhattisgarh online
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब संपत्ति कर जमा करना और भी आसान हो गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने स्थानीय स्वशासन को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के 53 नगरीय निकायों में ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान की सुविधा शुरू कर दी है। अब लोगों को टैक्स जमा करने के लिए न दफ्तर जाना पड़ेगा, न ही लंबी लाइन में खड़ा होना पड़ेगा।
नागरिक अपने घर या कार्यस्थल से, किसी भी समय जीआईएस आधारित प्रॉपर्टी टैक्स लाइव पोर्टल के जरिए संपत्ति कर जमा कर सकते हैं। यह सुविधा पहले सिर्फ 7 नगर निगमों तक सीमित थी, लेकिन अगस्त 2025 से इसे बड़े पैमाने पर विस्तार दिया गया।
46 नए नगरीय निकाय जुड़े ऑनलाइन सिस्टम से
अगस्त 2025 में सरकार ने 46 नए नगरीय निकायों को इस सुविधा से जोड़ा। इनमें बीरगांव, भिलाई-चरोदा, धमतरी नगर निगम और 43 नगर पालिकाएं शामिल हैं। अब रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ सहित कुल 53 नगरीय निकायों में ऑनलाइन टैक्स जमा किया जा सकता है।
दूरस्थ इलाकों तक पहुंची डिजिटल सुविधा
कोंडागांव, नारायणपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में भी अब नागरिक ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर पा रहे हैं। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी और भ्रष्टाचार की संभावना कम होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता नागरिकों को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स सुविधा ‘डिजिटल छत्तीसगढ़’ की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इस व्यवस्था से शहरों के लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है। यह ई-गवर्नेंस और डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा सुधार है।

