रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस और भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ के पांचों संभागीय मुख्यालय — रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर — में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव दोनों शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल जी ने देश की आजादी और एकता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने 562 रियासतों को एक सूत्र में जोड़कर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का सपना साकार किया।
घोषणा के तुरंत बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने पांचों नगर निगमों को प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 50-50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है। कुल 2 करोड़ 50 लाख रुपये अधोसंरचना मद से जारी किए गए हैं।
डिप्टी सीएम साव ने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में लिया गया है और यह लौह पुरुष को साय सरकार की सच्ची श्रद्धांजलि है।

