CG AI PHOTO SCANDAL : Dirty deeds by AI! Fake photos of 36 female students at Triple IT…
रायपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक जहाँ काम को आसान बना रही है, वहीं इसका दुरुपयोग अब खतरनाक रूप लेने लगा है। छत्तीसगढ़ की राजधानी के नया रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक छात्र ने AI टूल की मदद से 36 छात्राओं की अश्लील फोटो और वीडियो तैयार कर लिए।
जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के थर्ड ईयर के छात्र ने छात्राओं की सामान्य तस्वीरों को एडिट कर उन्हें अश्लील रूप में बदल दिया। जब छात्राओं को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने रविवार की शाम कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की।
शिकायत मिलते ही प्रशासन ने छात्र के हॉस्टल रूम की तलाशी ली, जहाँ से लैपटॉप, मोबाइल और पेनड्राइव जब्त किए गए। जांच में 1000 से अधिक फर्जी फोटो और वीडियो बरामद हुए।
मामले के गंभीर स्वरूप को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी छात्र को तत्काल निलंबित कर दिया और आंतरिक जांच समिति गठित की है। संस्थान के डायरेक्टर ने कहा कि एक विशेष कमेटी, जिसमें महिला स्टाफ भी शामिल हैं, मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह घटना AI के गलत इस्तेमाल के बढ़ते खतरे को उजागर करती है और डिजिटल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

