chhattisagrhTrending Now

CG Strike News: तीन दिवसीय हड़ताल पर मनरेगा कर्मी , चार महीने से वेतन नहीं मिलने से है परेशान

CG Strike News: बीजापुर। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद योजनाओं के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार दिलाने वाले मनरेगा कर्मचारियों की स्थिति दिन-ब-दिन दयनीय होती जा रही है। केंद्र शासन की महत्वकांक्षी योजना ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ प्रदेश में 3 माह में हजारों आवास पूर्ण करने के बाद भी इनकी सुध लेने वाला कोई नही हैं।

CG Strike News: प्रदेश में मनरेगा योजना अंतर्गत 10 वर्ष से अधिक सेवा अवधि पूर्ण कर चुके कर्मचारियों की बड़ी संख्या है। वर्षों सेवा देने के बाद भी इन कर्मचारियों के लिए मानव संसाधन निधि नहीं बन पाई या यूं कहें पार्टियों के चुनावी वादे विपक्ष में रहते इनके मंचों तक ही सीमित रह गई। आलम तो यह है कि, इन कर्मचारियों को पिछले चार माह से वेतन भी नहीं दिया गया है। जिससे क्षुब्ध और पीड़ित कर्मचारी 3 दिवसीय सांकेतिक हड़ताल के माध्यम से अपनी पीड़ा सरकार को अवगत कराएंगे।

READ MORE: – CG PANCHAYAT STRIKE UPDATE BREAKING : पंचायत सचिवों को हड़ताल खत्म करने का अल्टीमेटम, जाएगी नौकरी …

तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे कर्मचारी

CG Strike News: 26 और 27 मार्च को जिले में कर्मचारी हड़ताल में रहेंगे और 27 मार्च को सभी जिलों में रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौपेंगे। वहीं 28 मार्च को राज्यस्तरीय हड़ताल में शामिल होकर रैली के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम से ज्ञापन सौंपेंगे। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष अजय सिंह क्षत्री ने बताया कि, हड़ताल के लिए जनपद जिलों में ज्ञापन सौंपा जा चुका है। बीते एक साल में मनरेगा कर्मचारी मानव संसाधन लागू कराने संघर्ष करते रहे। कमेटी भी बनी जिसे 15 दिवस में रिपोर्ट सौंपना था, किंतु प्रशासन की उदासीनता के चलते निर्णय नहीं हुआ। इसके विपरीत मनरेगा के कार्यों के अलावा कर्मचारियों पर पी एम आवास, पी एम जनमन, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य विभागों के भी कार्य लिए जा रहे हैं।

प्रदेश भर के 12 हजार मनरेगा कर्मी करेंगे हड़ताल

CG Strike News: मनरेगा महासंघ के जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि, वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के शासन स्तर से तय सभी लक्ष्यों को मनरेगा कर्मचारियों ने अपना पसीना बहाकर दिन- रात कड़ी मेहनत कर पूरा किया है। इन्हें पिछले चार माह से वेतन भी नहीं दिया गया। 26 मार्च से प्रदेश भर के 12 हजार मनरेगा कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। साथ ही प्रदेश स्तर पर 28 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।

 

Share This: