CG BREAKING: 74 Patwaris were punished, big action created panic in the department, know the whole matter
बिलासपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान खसरों की गलत एंट्री करने वाले 74 पटवारियों पर गाज गिरी है। इन पटवारियों पर आरोप है कि लगभग 7% खसरों में गलत रकबे की एंट्री कर दी गई थी। भौतिक सत्यापन में यह गड़बड़ी उजागर हुई, जिसके बाद पटवारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
भौतिक सत्यापन में सामने आई गड़बड़ी
जिले में धान खरीदी के लिए 13608 खसरों का भौतिक सत्यापन किया गया था। जांच में पाया गया कि 93.33% खसरों पर धान की फसल थी, जबकि 6.67% खसरों पर धान नहीं लिया गया था, बावजूद इसके पटवारियों ने गलत एंट्री कर दी।
सत्यापन के दौरान जब यह गड़बड़ी सामने आई तो तत्काल सुधार करते हुए 74 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। यह भी सामने आया कि इन पटवारियों ने मौके पर जाकर सत्यापन करने की बजाय घर बैठे ही एंट्री कर दी थी।
धान खरीदी में आई गिरावट
इस वर्ष जिले में 137672 किसानों ने 144981 हेक्टेयर रकबे के साथ पंजीयन कराया था। लेकिन पिछले साल की तुलना में इस बार 2.4% कम धान खरीदी हुई है।
कोचियों और व्यापारियों पर कार्रवाई, 1 करोड़ का धान जब्त
कोचियों और व्यापारियों पर लगाम कसने के लिए कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम बनाई गई थी। जांच टीम ने 77 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2906 क्विंटल धान जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा, तय सीमा से अधिक धान बेचने के लिए टोकन कटवाने वाले 53741 किसानों से 3027.41 हेक्टेयर रकबा सरेंडर कराया गया है।
प्रशासन की सख्ती जारी
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गलत एंट्री करने वाले पटवारियों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है, वहीं कोचियों और व्यापारियों के खिलाफ भी अभियान जारी रहेगा।