
CG BREAKING: BJP responded to Congress’s allegations on OBC reservation.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दो मंत्रियों और प्रदेश अध्यक्ष के साथ पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने और राजनीति करने का आरोप लगाया।
अरुण साव ने कहा, “कांग्रेस की राजनीति भय, भ्रम और भ्रष्टाचार पर आधारित है। ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस झूठा प्रचार कर रही है। भाजपा ने हमेशा संविधान सम्मत तरीके से सभी वर्गों का सम्मान किया है और ओबीसी को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।”
भाजपा ने दी कानूनी प्रक्रिया की जानकारी –
मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने स्पष्ट किया कि राज्य में 33 जिला पंचायतों में सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार 50 प्रतिशत तक आरक्षण की सीमा लागू है। इनमें 16 जिला पंचायतें अधिसूचित क्षेत्र हैं, जहां अनुसूचित जनजाति के लिए सीटें आरक्षित हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए 13 प्रतिशत आरक्षण के तहत 4 सीटें आरक्षित हैं।
इस व्यवस्था के तहत कुल 33 में से 20 सीटें आरक्षित हो चुकी हैं। ऐसे में ओबीसी के लिए अध्यक्ष पद आरक्षित करना संभव नहीं है। हालांकि, जनपद अध्यक्ष, ग्राम पंचायत सरपंच और जिला पंचायत सदस्यों के लिए ओबीसी आरक्षण दिया गया है।
कांग्रेस पर लगाए आरोप –
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर जनता को गुमराह कर रही है और झूठा प्रचार कर आरक्षण को लेकर बवाल मचाने में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के बाद ओबीसी वर्ग को और अधिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगी।
कानून के दायरे में रहकर काम करेगी भाजपा –
भाजपा ने दावा किया कि पार्टी ने हमेशा संविधान और कानून का पालन किया है और यह सुनिश्चित करेगी कि सभी वर्गों को न्याय मिले। उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से अपील की कि वह आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने से बचे और जनता को भ्रमित न करे।