दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दलों की बैठक बुलाई है। इसमें 38 पार्टियां शामिल होंगी। ये संख्या विपक्षी एकता से 12 ज्यादा हैं।
उधर, बेंगलुरु में विपक्षी दलों की एकता बैठक का दूसरा दिन है। इसमें 26 पार्टियां शामिल हो रही हैं। NDA की बैठक को विपक्षी एकता के सामने शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। NDA की 38 पार्टियों में से 13 पार्टियां ऐसी हैं, जिनके लोकसभा में एक भी सीट नहीं है।
सोमवार को बैठक की जानकारी देते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने UPA गठबंधन को भानुमति का कुनबा बताया और कहा- उसके पास न नेता है, न नीयत, न नीति और न फैसला लेने की ताकत है।
ये भ्रष्टाचारों और घोटालों का टोला है। NDA बैठक दिल्ली के अशोका होटल में शाम 5 बजे से होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
पुराने सहयोगी दलों के जाने के बाद नए दल जोड़ने की कवायद
बीते कुछ सालों में NDA के पुराने सहयोगी दल अलग हुए हैं। इनमें कर्नाटक में जनता दल (यूनाइटेड), महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना शामिल है। हालांकि, एकनाथ शिंदे की शिवसेना, अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP, उत्तर प्रदेश में ओपी राजभर की सुभासपा, बिहार में जीतन राम मांझी का हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी भाजपा के साथ आई हैं।
पहली बार शिंदे और अजित पवार आएंगे, बिहार के दलों को जोड़कर वोट साधने की कोशिश
महाराष्ट्र से NDA की बैठक में पहली बार एकनाथ शिंदे और अजित पवार शामिल होंगे। पिछले साल एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे से बगावत कर भाजपा के साथ सरकार बना ली थी। वे राज्य के CM भी हैं।
इसी महीने NCP में भी बगावत हुई और शरद पवार के भतीजे अजित पवार पार्टी से अलग होकर अपने 8 अन्य विधायकों के साथ भाजपा-शिवसेना के साथ सरकार में शामिल हो गए। अजित पवार राज्य के वित्त मंत्री भी हैं।
इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों से भी कुछ छोटे दल NDA की बैठक में शामिल हो सकते हैं। इनमें त्रिपुरा से टिपरा मोथा पार्टी के प्रदोत्य विक्रम मानिक देव वर्मा शामिल हैं।
चिराग पासवान पिता रामविलास के एकमात्र उत्तराधिकारी के तौर पर शामिल होंगे। BJP चिराग के जरिए लोकसभा चुनाव में बिहार के 4.5% दुसाध और पासवानों को साधने की कोशिश करेगी।
BJP उम्मीद कर रही है कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के जीतनराम मांझी के जुड़ने से महादलितों का वोट भी उनके पाले में आ सकता है।
विकासशील इंसान पार्टी के मुकेश साहनी के आने से नाविकों, मछुआरों और किसानों के वोट BJP के पक्ष में हो सकते हैं।
NDA की 23 पार्टियों के नाम सामने आए
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को दावा किया था कि NDA की बैठक में 38 पार्टियां शामिल होंगी, लेकिन अब तक 23 दलों के नाम सामने आए हैं। ये नाम हैं- AIADMK, शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट), नेशनल पीपुल्स पार्टी, नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेससिव पार्टी, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा, जननायक जनता पार्टी, इंदिया मक्कल कल्वी मुन्नेत्र कझगम, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन, रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया, और मिजो नेशनल फ्रंट।
इनके अलावा, तमिल मनिला कांग्रेस, इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा, बोडो पीपुल्स पार्टी, पाताली मक्कल कच्ची, महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी, अपना दल, असम गण परिषद, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल, ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस पुडुचेरी, शिरोमणि अकाली दल संयुक्त (ढिंढसा) और जनसेना (पवन कल्याण)।
बेंगलुरु में सोमवार से शुरू हुई विपक्षी एकता बैठक
लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराने के लिए बेंगलुरु में विपक्षी दलों की पहले दिन की बैठक में विपक्ष के नेताओं को डिनर पर इनवाइट किया। डिनर बेंगलुरु के ताज वेस्ट एंड होटल में आयोजित किया गया।
इसमें शामिल होने के लिए लालू प्रसाद यादव, अरविंद केजरीवाल, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, बिहार के सीएम नीतीश कुमार समेत कई नेता पहुंचे। पार्टी में फूट के बाद शरद पवार आज शामिल हो सकते हैं।NDA की बैठक पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘मुझे ताज्जुब है कि मोदी जी ने राज्यसभा में कहा था कि मैं सभी विपक्षियों पर अकेला भारी हूं। अगर वो सभी विपक्षियों पर अकेले भारी हैं तो वो कल NDA की मीटिंग में 30 पार्टियों को क्यों बुला रहे हैं। उन 30 पार्टियों का नाम तो बताएं। वे हमारी मीटिंग से घबरा गए हैं।’

