POLITICS : समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए दारा सिंह चौहान

POLITICS: Dara Singh Chauhan left Samajwadi Party and joined Bharatiya Janata Party
2024 के लोकसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी के कुनबे में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी के साथ आने का ऐलान किया। इसके अगले दिन सोमवार को अखिलेश यादव को बड़ा झटका देकर आए पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक ओबीसी नेता दारा सिंह चौहान ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा से इस्तीफा दिया। वो समाजवादी पार्टी के विधायक थे, जिससे फिलहाल इस्तीफा दे दिया है। वह सपा के चुनाव चिन्ह पर मऊ जिले की घोसी सीट से चुने गए थे।
दारा सिंह चौहान का सियासी सफर –
दारा सिंह चौहान पिछली योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री थे, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया था और सपा में शामिल हो गए थे। 2017 से 2022 तक योगी आदित्यनाथ कैबिनेट में दारा सिंह चौहान वन, पर्यावरण और पशुपालन के कैबिनेट मंत्री थे। बाद में विधानसभा चुनाव से पहले 2022 में 12 जनवरी को कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया।
दारा सिंह चौहान ने अपना राजनीतिक करियर बसपा से शुरू किया और बाद में सपा में शामिल हो गए। वह 1996 और 2000 में दो बार राज्यसभा के लिए चुने गए और राज्यसभा की वेबसाइट के अनुसार, वह एसपी उम्मीदवार के रूप में चुने गए और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य भी थे।
दिल्ली में अमित शाह से मिले थे दारा सिंह –
बीते दिनों दारा सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी। इसके बाद से ही उनके बीजेपी में शामिल होने की संभावनाएं थी। तमाम अटकलों के बीच शनिवार को उन्होंने सपा छोड़ दी थी। अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं। सूत्रों का कहना है कि उन्हें योगी सरकार में मंत्री भी बनाया जा सकता है।