BREAKING: ATS busted terrorist module, 4 people arrested, a woman also came under arrest ..
पोरबंदर। गुजरात के पोरबंदर में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड(ATS) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. एटीएस ने आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 4 लोगों को अरेस्ट किया है. इन पर आरोप है कि ये लोग एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन के संपर्क में थे. एटीएस की टीम ने इनकी गिरफ्तारी को लेकर कल से ही पोरबंदर में डेरा डाल रखा था.
वहीं, सूरत से एटीएस ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ खुराशान प्रोविंस से जुड़ी एक महिला को भी गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि एटीएस ने पुलिस की मदद से महिला को लालगेट इलाके से हिरासत में लिया गया है. उसे पोरबंदर ले जाया गया है. इस्लामिक स्टेट ऑफ खुराशान के बारे में कहा जाता है कि यह संगठन ISIS के इशारे पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता है. एटीएस के अधिकारी इस कार्रवाई के बारे में तफ्तीश से बताने के लिए आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे.
एटीएस की गिरफ्त में एक महिला भी आई –
एटीएस की गिरफ्त में आई महिला की शादी दक्षिण भारत में हुई है. उसके परिवार का एक व्यक्ति सरकारी नौकरी भी करता है. वह कैसे आतंकी संगठन के संपर्क में आई, एटीएस के अफसर इस बात को पता लगा रहे हैं. दरअसल, एटीएस ने पोरबंदर से 3 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. एटीएस की पूछताछ में तीनों ने महिला का नाम बताया था.
गिरफ्तार लोगों में एक विदेशी नागरिक भी शामिल –
जानकारी के मुताबिक, गुजरात एटीएस की टीम कल ही पोरबंदर पहुंच चुकी थी. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार लोगों में एक विदेशी नागरिक भी है. डीआईजी दीपन भद्रन, एसपी सुनील जोशी, डीवाईएसपी केके पटेल, डीवाईएसपी शंकर चौधरी सहित कई वरिष्ट अफसर पोरबंदर पहुंचे हैं. आज एटीएस या गुजरात पुलिस के आला अपसर पूरे ऑपरेशन के बारे में अनाउंसमेंट कर सकते हैं.
एटीएस के अधिकारी पूछताछ में जुटे –
एटीएस के अधिकारी ये भी जानने की कोशिश करेंगे कि क्या इनके संपर्क में कोई स्थानीय व्यक्ति भी था. गुजरात में ये कब से रह रहे थे. इनका मेन मोटिव क्या था. विदेशी नागरिक किस देश का रहने वाला है, अफसरों ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है. बताया जा रहा है कि चारों के पास से आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं.

