CG WEATHER UPDATE: Severe heat and humidity start in the state, temperature likely to increase further in three days
रायपुर। प्रदेश में अब भीषण गर्मी व उमस शुरू हो गई है। दोपहर की तेज धूप झुलसाने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में तीन डिग्री तापमान और बढ़ने की संभावना है। शनिवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस एआरजी (सक्ती) का दर्ज किया गया। वहीं रविवार को भी मौसम में गर्मी रहेगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गर्मी से अभी किसी भी प्रकार से राहत के आसार नहीं है। 19 मई के बाद ही मौसम का मिजाज थोड़ा बदल सकता है।
मई माह में पहले हफ्ते में बारिश हुई थी। इस कारण गर्मी का एहसास नहीं हो रहा था। अब मौसम खुलने के बाद गर्मी का एहसास होने लगा है। दोपहर की चिलचिलाती धूप अब चुभने लगी है और गर्म हवाओं की वजह से उमस में भी बढ़ोतरी होने लगी है। चक्रवात हुआ कमजोर चक्रवात कमजोर पड़ते ही मौसम में एक बार फिर बदलाव का दौर शुरू हो चुका है। अधिकतम तापमान में वृद्धि जारी है। मई माह का दूसरा पखवाड़े बेहद गर्म भरा हो सकता है।
शनिवार को रायपुर सहित प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। दोपहर की तपिश अब काफी बढ़ गई है और गर्मी लगातार बढ़ने लगी है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब आने वाले चार से पांच दिन तपिश और बढ़ेगी। गर्मी से किसी भी प्रकार से राहत के आसार नहीं है। इन दिनों उत्तर पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं के कारण उमस में और बढ़ोतरी हुई है।
कवर्धा का तापमान 41.5 डिग्री दर्ज
शहर में अब गर्मी अपना सितम ढा रही है। लोग बेहाल हो रहे हैं और उनको अब आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की चिंता सताने लगी है। शनिवार को कवर्धा का तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया है जबकि न्यूनतम तापमान की बात करें तो 26 डिग्री तक पहुंचा है। आने वाले दिनों में पारा और ज्यादा चढ़ने की बात कहीं जा रही है। गर्मी से अब राहत किसी तरह से मिलने की गुंजाइश नहीं दिख रही है। पारा चढ़ने के कारण दिन के समय लोग शहर की सड़कों पर नजर नहीं आते हैं और दोपहर का सन्नाटा पसर जाता है।
यह रहा तापमान
रायपुर 40.2 25.3
बिलासपुर 40.4 22.9
जगदलपुर 38.0 20.8
अंबिकापुर 38.9 21.7
पेंड्रा रोड 40.4 20.0
एसी और कूलर की बिक्री बढ़ी
जिस तरह से गर्मी अब बढ़ने लगी है उससे लोगों को काफी परेशानी होने लगी है। गर्मी बढ़ने के साथ एसी और कूलर की बिक्री भी बढ़ गई है। इसके अलावा कूलर सर्विसिंग करने भी दुकानों में भीड़ जुट रही है। शहर के ज्यादातर मैकेनिक इस समय व्यस्त हैं। वही गर्मी बढ़ने के साथ स्वास्थ्य जन समस्याएं भी उत्पन्न होने लगी है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना मरीजों की भीड़ लग रही है। चिकित्सक मरीजों को भूखे पेट नहीं रहने और पानी का अधिक सेवन करने की सलाह भी दे रहे हैं। धूप में छाता लेकर निकलने और छांव में रहने की बात कह रहे हैं। वही गर्मी के बीच शहर में मटके की बिक्री भी बढ़ गई है। शहर के नवीन बाजार में लोग मटका खरीद रहे हैं।

