Major FDA Action: Food licenses of Amazon, Instamart, and BigBasket suspended in Karnataka!
MAJOR FDA ACTION:: कर्नाटक फ़ूड सेफ़्टी और ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने अमेज़न, स्विगी इंस्टामार्ट और बिग बास्केट के फ़ूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं.
इनके खिलाफ कार्रवाई इसलिए की है क्योंकि ये अपने प्लेटफार्म पर विषैले फल ‘धतूरा’ और उसके बीज बेच रहे थे।
दरअसल, अधिकारियों ने पाया था कि अमेज़न, स्विगी इंस्टामार्ट और बिग बास्केट पर फल और उसके बीज भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफ़एसएसएआई) की ओर से जारी लाइसेंस नंबर के साथ बेचे जा रहे थे.
इसके बाद फ़ूड सेफ़्टी कमिश्नर के. श्रीनिवास की ओर से जारी आदेश में अमेज़न, स्विगी इंस्टामार्ट और बिग बास्केट से धतूरे को लिस्टिंग और विज्ञापन हटाने को कहा गया है.
आदेश में कहा गया, “धतूरे के पौधे के फल और बीज ज़हरीले होते हैं और इनके खाने से इंसानों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है, ऐसे सामान को खाने या इंसानों के इस्तेमाल के लिए बेचना, बांटना, बिक्री के लिए दिखाना या ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए उसका विज्ञापन करना लोगों की सेहत के लिहाज़ से गंभीर मामला है.”
अमेज़न ने सुनवाई करने वाले अधिकारी के सामने जारी नोटिस का जवाब नहीं दिया. स्विगी इंस्टामार्ट ने जवाब देने के लिए समय मांगा, जबकि बिग बास्केट ने अधिकारी को बताया कि उसने धतूरे को खाने के सामान के तौर पर बेचना बंद कर दिया है.
बिग बास्केट ने यह भी कहा कि उन्होंने धतूरे को ‘नोट फ़ॉर ह्यूमन कंजम्प्शन’ वाले प्रोडक्ट के तौर पर चिन्हित कर दिया है.
