MAHADEV BETTING APP CASE : Congress raises a big question on the questioning of Saurabh Chandrakar!
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी के बाद छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए सवाल किया है कि डबल इंजन की सरकार में इतना बड़ा सट्टा नेटवर्क आखिर कैसे बेखौफ चलता रहा? इसे किन प्रभावशाली नेताओं का संरक्षण मिला हुआ था?
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सौरभ चंद्राकर की पूछताछ में राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण से जुड़े सवालों का जवाब सामने आना चाहिए। उन्होंने पीएमओ तक तार जुड़े होने की चर्चाओं का भी जिक्र किया और उम्मीद जताई कि जांच में पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा।
बीजेपी नेताओं के संरक्षण पर उठाए सवाल
शुक्ला ने पूछा कि जब केंद्र और राज्य दोनों जगह बीजेपी की सरकार थी, तब महादेव ऐप के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने मांग की कि जांच सिर्फ सट्टा संचालकों तक सीमित न रहे, बल्कि यह भी सामने आए कि नेटवर्क को किसका राजनीतिक और प्रशासनिक सहयोग मिल रहा था।
सीएम साय और विजय शर्मा का भी बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सौरभ की गिरफ्तारी को CBI की बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि सट्टे की प्रोटेक्शन मनी किन लोगों तक पहुंचती थी, इसका खुलासा होगा। वहीं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि जांच में जिनके नाम सामने आएंगे, उन सभी पर कार्रवाई की जाएगी।
अब सबकी नजर सौरभ चंद्राकर से होने वाली पूछताछ पर है। क्या महादेव सट्टा नेटवर्क के राजनीतिक कनेक्शन भी सामने आएंगे?


