RAIPUR NEWS: रायपुर। यदि आप अपने घर में 24 घंटे पानी की सप्लाई के लिए नल कनेक्शन लेना चाहते हैं, तो आपके पास अब मौका है इसे फ्री में प्राप्त करने का। रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने 24×7 जलप्रदाय योजना के तहत छूटे हुए 2,865 घरों को निःशुल्क नल कनेक्शन देने के लिए 15 नवंबर तक विशेष अभियान शुरू किया है।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से मोतीबाग और गंज मंडी टंकी से जल आपूर्ति की जा रही है, जिसमें रमण मंदिर वार्ड, इंदिरा गांधी वार्ड, हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड, तात्यापारा वार्ड, स्वामी आत्मानंद वार्ड सहित कई वार्ड शामिल हैं।
जोन-4 कमिश्नरी के अध्यक्ष मुरली शर्मा ने बताया कि फिलहाल योजना के तहत दो टाइम पानी सप्लाई हो रही है, लेकिन जल्द ही मोतीबाग टंकी से तीन टाइम सप्लाई की व्यवस्था शुरू की जाएगी।
जो हितग्राही अभी तक नल कनेक्शन नहीं ले पाए हैं, वे 15 नवंबर तक अपना आवेदन रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड कार्यालय, नगर निगम जोन कार्यालय या वार्ड पार्षद के माध्यम से कर सकते हैं। इसके बाद नए कनेक्शन के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा।
