Trending Nowशहर एवं राज्य

छत्तीसगढ़ के इन चारों निगमों में कांग्रेस के महापौर की तैयारी, बागियों पर भी नजर

रायपुर : छत्तीसगढ़ के चार नगर निगम बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली सहित निकाय चुनाव में कांग्रेस को एकतरफा जीत हासिल हुई है। इसके बाद कांग्रेस ने निकायों में महापौर, अध्यक्ष, सभापति और उपाध्यक्ष बनाने की तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम (Congress State President Mohan Markam) के निर्देश पर निकायवार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। अभी इन्हीं पर्यवेक्षकों की सहमति से महापौर, अध्यक्ष, सभापति और उपाध्यक्षों के नाम तय होंगे। जारी सूची में कांग्रेस ने क्षेत्र के चुनाव प्रभारियों को अहम स्थान दिया है। इसके साथ ही संगठन के लोगों को भी नाम तय करने की अहम जिम्मेदारी दी गई है। इसमें मुख्यमंत्री की पसंद का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

पर्यवेक्षकों पर आम सहमति बनाने की जिम्मेदारी
पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे पार्षदों के बीच आम सहमति बनाकर महापौर, अध्यक्ष, सभापति और उपाध्यक्षों के नामों का चयन करेंगे। इस दौरान बागी पार्षद और क्रॉस वोटिंग रोकने का काम भी पर्यवेक्षकों के जिम्मे ही होगी। बताया जाता है नामों के चयन के दौरान जातिगत समीकरण का खास ध्यान रखा जाएगा।

कांग्रेस की ओर निर्दलीयों का झुकाव
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद से ही जोड़तोड़ की राजनीति भी शुरू हो गई है। भाजपा की अपेक्षा कांग्रेस को इसमें ज्यादा फायदा मिल रहा है। राज्य में कांग्रेस की सत्ता होने की वजह से निर्दलीय प्रत्याशियों का झुकाव कांग्रेस की तरफ अधिक है। बिरगांव नगर निगम में तीन निर्दलीय कांग्रेस के साथ हुए हैं।

छह निकायों में महिलाएं होंगी मुखिया
प्रदेश के 15 में से छह निकाय ऐसे हैं, जहां महिलाएं ही मुखिया की जिम्मेदारी निभाएंगी। इसमें नगर निगम रिसाली, नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर व सारंगढ़ और नगर पंचायत नरहरपुर, भैरमगढ़ और भोपालपट्टनम शामिल हैं। वहीं अन्य निकायों में ओबीसी वर्ग को ज्यादा प्रतिनिधित्व मिल सकता है। बिरगांव निगम सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है, लेकिन यहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ओबीसी को महापौर बनाने की घोषणा की है। भिलाई निगम निगम भी सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है, लेकिन यहां भी ओबीसी का नाम सबसे आगे चल रहा है। रिसाली में अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला ही महापौर बनेगी।

मंत्री चौबे बोले- क्रॉस वोटिंग की आशंका नहीं
क्रॉस वोटिंग को लेकर मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा, आशंका की बात नहीं, लेकिन लोकतंत्र में सावधानी बरती जाती है। गोवा में बहुमत हमने पाया और सरकार अमित शाह ने बनाया था। सब कुछ आपके सामने है, इसलिए अपने अपने पार्षदों को अपने साथ और पास में रखने में कोई आपत्ति नहीं है।

इनको सौंपी जिम्मेदारी
नगर निगम
बिरगांव- रवि घोष, मोतीलाल देवांगन व राजेन्द्र साहू।
भिलाई-गिरीश देवांगन व द्वारिकाधीश यादव।
भिलाई-चरोदा- अटल श्रीवास्तव व विनोद चंद्राकर।
रिसाली- विकास उपाध्याय व सुदेश देशमुख।
नगर पालिका परिषद
बैकुंठपुर-पारसनाथ राजवाड़े व अमरजीत चावला।
शिवपुरचरचा-शैलेष पांडेय व शाहिद खान।
सारंगढ़-रामकुमार यादव व प्रेमचंद जायसी।
जामुल-चंद्रशेखर शुक्ला।
खैरागढ़-दलेश्वर साहू व धर्मेन्द्र यादव।
नगर पंचायत
प्रेमनगर-जेपी श्रीवास्तव व संदीप साहू
मारो-प्रमोद दुबे
नरहरपुर-संतराम नेताम
कोंटा-नीना रावतिया
भैरमगढ़-रुखमणी कर्मा व अवधेश गौतम
भोपालपट्टनम-यशवर्धन राव

Share This: