
भोपाल। प्रदेश के गृहमंत्री और भाजपा नेता डा. नरोत्तम मिश्रा अक्सर अपने बयानों में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर तंज कसते रहते हैं। सोमवार को उन्होंने एक बार फिर कमल नाथ पर निशाना साधा और एक दिन पूर्व उनके एक बयान को लेकर चुटकी ली। कमल नाथ ने रविवार को कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नेताओं को दो-टूक संदेश देते हुए कहा था जिन्हें पार्टी छोड़कर जाना हो, चला जाए। मैं मनाने नहीं जाऊंगा।। उनके इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नरोत्तम मिश्रा ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कमल नाथ जी का यह कथन राहुल गांधी से उनका छत्तीस का आंकड़ा बताता है। एक तरफ राहुल गांधी जोड़ो(भारत जोड़ो यात्रा) पर निकले हैं, उधर कमल नाथ छोड़ो पर हैं। ये अपनी गाड़ी से घर तक छोडऩे जा रहे हैं। कमल नाथ जी ने पहले चलो-चलो कहकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिरवा दी, अब भागो-भागो कहकर कांग्रेस पार्टी के संगठन को खत्म करने में लग गए हैं।