CHHATTISGARH : Family returning from wedding meets with accident, 2 dead
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब नेशनल हाईवे-53 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक-झलप के पास तेज रफ्तार कार ओवरटेक करते समय ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव के मोतीपुर निवासी अमीन खान अपने बेटे की बारात लेकर खपरीखुर्द गए थे। शादी समारोह के बाद परिवार के लोग कार से वापस राजनांदगांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार तेज थी। ओवरटेक करने के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और कार ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पटेवा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृत महिलाओं की पहचान और अन्य घायलों के नामों की पुष्टि की जा रही है।


