KAWARDHA KHAPPAR YATRA : Big action by police before Khapar Yatra!
कवर्धा। शारदीय नवरात्रि के बीच शहर में निकलने वाली पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा को लेकर कबीरधाम पुलिस अलर्ट मोड पर है। 19-20 अक्टूबर की दरम्यानी रात होने वाले इस आयोजन से पहले पुलिस ने शहर में फ्लैगमार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि यात्रा के दौरान शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में निकाले गए फ्लैगमार्च का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला ने किया। इसमें सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
पुलिस बल ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, गलियों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।
पुलिस ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे देवी खप्पर यात्रा को आपसी भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और धार्मिक आयोजन की गरिमा बनाए रखें।
धार्मिक भावनाएं भड़काने, अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब पुलिस की नजर यात्रा के दौरान शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर रहेगी।


