CHHATTISGARH : Scam in Janman Awas, FIR against three contractors
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के नाम पर हितग्राहियों से कथित ठगी के मामले सामने आए हैं। मकान बनाने के लिए पैसे लेने के बाद काम अधूरा छोड़ने और रकम वापस नहीं करने के आरोप में अब तक तीन ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
ताजा मामला बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला का है। यहां पूर्व सरपंच पति और ठेकेदार शेख निजामुद्दीन उर्फ निक्की खान के खिलाफ चिल्फी थाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गांव के राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम प्रधानमंत्री जनमन आवास स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि ठेकेदार ने तीनों से पहली और दूसरी किस्त की रकम लेकर कुल 2 लाख 40 हजार रुपये हासिल किए, लेकिन आवासों का निर्माण पूरा नहीं किया। पैसे वापस मांगने पर भी रकम नहीं लौटाई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
तीन ठेकेदारों पर 7.49 लाख की ठगी का आरोप
इससे पहले ग्राम आमानारा के बैसाखू बैगा की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ और ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह की शिकायत पर ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज हुई थी।
तीनों मामलों में कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की कथित ठगी का आरोप है। कवर्धा जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कुल 9,675 आवास स्वीकृत किए गए हैं।


