INHERITANCE TAX SUPPORT : मरने के बाद आधी संपत्ति जनता को दो, सैम पित्रोदा ने किया भारत में विरासत टैक्स लगाने का समर्थन

INHERITANCE TAX SUPPORT: Give half the property to the public after death, Sam Pitroda supported imposing inheritance tax in India.
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच इन दिनों सियासी दलों में मंगलसूत्र और संपत्ति विवाद गर्माया हुआ है। इस बीच अब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने भारत में भी विरासत टैक्स का समर्थन किया है। सैम पित्रोदा ने विरासत टैक्स और संपत्ति वितरण को लेकर अमेरिका के शिकागो में एक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि “अमेरिका में Inheritance Tax लगता है। यदि किसी व्यक्ति के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है तो मरने के बाद वह व्यक्ति सिर्फ 45 फीसदी संपत्ति ही अपने बच्चों को ट्रांसफर कर सकता है।
55 फीसदी संपत्ति पर सरकार का अधिकार –
Inheritance Tax को लेकर सैम पित्रोदा ने कहा कि 55 फीसदी संपत्ति को सरकार अधिग्रहित कर लेती है। उन्होंने कहा कि यह एक दिलचस्प कानून है। इस कानून के मुताबिक, आपने जीवनभर जो कमाई की है, उसका एक हिस्सा जनता के लिए भी छोड़ना चाहिए। पूरी नहीं, आधी। यह एक निष्पक्ष कानून है, जो मुझे अच्छा लगता है।”
भाजपा ने जताई आपत्ति –
Inheritance Tax पर कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बयान पर भाजपा ने आपत्ति जताई है। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस ने भारत को बर्बाद करने की ठान ली है। सैम पित्रोदा अब भारत में Inheritance Tax की वकालत कर रहे हैं। इसका मतलब है कि हम अपनी सारी मेहनत और उद्यम से जो कुछ भी बनाएंगे, उसका 50 फीसदी छीन लिया जाएगा। यदि कांग्रेस जीतती है तो हम जो भी टैक्स देते हैं, वह भी बढ़ जाएगा।”
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के संपत्ति बंटवारे वाले बयान पर प्रियंका गांधी ने पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि बीते 2 दिनों में अब ये शुरू हुआ है कि कांग्रेस के लोग मंगलसूत्र और सोना छीनना चाहते हैं। 70 सालों से ये देश स्वतंत्र है, 55 सालों के लिए कांग्रेस की सरकार रही तब क्या किसी ने आपका सोना छीना और आपके मंगलसूत्र छीने? देश में जब युद्ध हुआ था तो इंदिरा गांधी ने अपना सोना देश को दिया था। मेरी मां का मंगलसूत्र (राजीव गांधी) इस देश को कुर्बान हुआ है।