Trending Nowशहर एवं राज्य

विनम्र श्रद्धांजलि : नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी, पत्रकारिता जगत के लिए बड़ा आघात

Humble tribute: Senior journalist Padma Shri Abhay Chhajlani is no more, a big blow to the journalism world

रायपुर डेस्क। इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी का गुरुवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थे। अंतिम संस्कार आज शाम 5:00 बजे पंचकुइया मुक्तिधाम पर होगा। शहर के कई प्रमुख मुद्दों को उन्होंने प्रमुखता से उठाया था। इसके साथ ही वह खेलों से भी जुड़े रहे, खासकर टेबल टेनिस से। लंबे समय तक वह मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन के अध्यक्ष रहे और फिर आजीवन अध्यक्ष पद पर बने रहे। शहर में सबसे पहला इनडोर स्टेडियम, अभय प्रशाल उन्हीं के प्रयासों से बना था।

बता दे कि छजलानी परिवार को आज ही एक और आघात लगा। स्वर्गीय विमल छजलानी की पत्नी का भी आज सुबह भोपाल में निधन हो गया। उनका भी अंतिम संस्कार आज शाम 5:00 बजे इंदौर में ही होगा।

अभयजी का जन्म 4 अगस्त 1934 को हुआ था और 1955 में पत्रकारिता से जुड़े थे। उन्होंने पत्रकारिता के विश्व के प्रमुख संस्थान थाम्सन फाउंडेशन, कार्डिफ से स्नातक की डिग्री हासिल की थी। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र से इस प्रशिक्षण के लिए चुने जाने वाले वह पहले पत्रकार रहे। उन्होंने कई शीर्ष पत्रकार तैयार करने में भी मदद की। साथ ही कई सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन किया। वह लंबे अर्से तक नईदुनिया के कार्यकारी संपादक और प्रबंध संपादक भी रहे।

वह भारतीय भाषाई समाचार पत्रों के शीर्ष संगठन इलना के तीन बार अध्यक्ष रह चुके हैं। वह 1988, 1989, 1994 में संगठन के अध्यक्ष रहे। वह इंडियन न्यूज पेपर सोसायटी (आइएनएस) के 2000 में उपाध्यक्ष और 2002 में अध्यक्ष रहे। उनकी पत्नी पुष्पा छजलानी का पिछले साल ही निधन हुआ था। परिवार में पुत्र विनय और पुत्रियां शीला व आभा हैं।

Share This: