Trending Nowशहर एवं राज्य

आबकारी मंत्री कवासी लखमा की जीत की खुशी जाहिर करते हुए फिसली जुबान  :बोले- मैं दुखी हूं, चुनाव में अधिकारी-कर्मचारियों का समर्थन मिला; नारायणपुर में केदार को निपटाऊंगा

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को धमाकेदार जीत मिली है। सभी जगह जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। ऐसे में आबकारी मंत्री कवासी लखमा की जीत की खुशी जाहिर करते हुए फिसली जुबान ने चुनाव पर प्रश्न चिन्ह खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कह दिया कि, ‘मैं दुखी हूं, चुनाव में अधिकारी-कर्मचारियों का भी समर्थन मिला है।’ हालांकि बाद में उन्होंने सफाई देते हुए अपने शब्दों को संभाल लिया। कवासी लखमा की फिसली जुबान से सियासत और गरमा गई है।

दरअसल, बस्तर संभाग की भी कुल 4 नगरीय निकायों में कांग्रेस ने विजय हासिल की। जिसके बाद आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में मीडिया से बात की। उन्होंने पहले कहा इस बात पर दुखी हूं, फिर कहा खुशी है। यहां की जनता बहुत समझदार है। यहां के आदिवासी पहले जैसे नहीं रह गए। चुनाव में आदिवासी और व्यापारी लोगों ने समर्थन दिया है। बातों-बातों में लखमा ने कह दिया कि अधिकारी-कर्मचारी लोगों ने भी समर्थन दिया है। फिर अटकती जुबान पर सफाई देते हुए कहा कि चुनाव कराने पुलिस विभाग के भी अधिकारी होते हैं। पुलिस विभाग ने भी बहुत मेहनत की और सुरक्षा दी है।

‘मैं अगला मुख्यमंत्री हूं’ कह कर केदार मांग रहे थे वोट- लखमा
कवासी लखमा ने भाजपा के पूर्व मंत्री केदार कश्यप को भी जमकर घेरा है। लखमा ने कहा कि, चुनाव में बड़े-बड़े नेता हारते हैं और जीतते हैं। केदार कश्यप को सुकमा के कोंटा में 10 दिनों तक डेरा डाल कर बैठना उनकी राजनीति को मिट्टी में मिलाना हो गया है। कोंटा जैसे एक छोटे से नगर पंचायत में 2 दिन में प्रचार होता है, लेकिन वे 10 दिनों तक प्रचार करते रहे। बस्तर के सभी बड़े नेता कोंटा में डेरा डाले थे। केदार कश्यप हर घर जाकर बोले कि मैं छत्तीसगढ़ का होने वाला अगला मुख्यमंत्री हूं। वो मुख्यमंत्री तो तब बनेंगे जब चुनाव जीतेंगे। नारायणपुर में मैं उनको निपटाऊंगा।

केदार बोले- नारायणपुर में स्वागत है
लखमा के बयान पर पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, मंत्री जी के मुंह से आखिर निकल ही गया कि निकाय चुनाव में कांग्रेस सेटिंग से जीती है। अधिकारी-कर्मचारियों पर सत्ता का दबाव बनाकर उन्हें डराया धमकाया गया है। 2 साल बाकी है, फिर जनता आने वाले चुनाव में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की सरकार को उखाड़ कर फेंक देगी। मुख्यमंत्री बनूंगा कह कर वोट मांगने वाला खेल कांग्रेसियों में चलता है। हमारे यहां विधायक और पार्टी तय करती है। मैंने अपने आप को कभी ऐसा प्रस्तुत नहीं किया है। मैं तो अभी विधायक भी नहीं हूं। लखमा के केदार को निपटाऊंगा वाले बयान पर केदार कश्यप ने कहा की नारायणपुर में उनका स्वागत है।

बस्तर की इन निकायों में मिली कांग्रेस को जीत
बस्तर के 4 नगरीय निकाय चुनाव का गुरुवार को परिणाम घोषित हुआ है। जिनमें सभी निकायों में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है। बीजापुर जिले के भोपालपटनम में पूरे 15 वार्डों में कांग्रेस ने फतह हासिल की और भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया। भैरमगढ़ के 10 वार्डों को भी कांग्रेस ने अपने कब्जे में लिया है। यहां BJP ने कुल 5 वार्ड में जीत दर्ज कर अपनी साख बचा ली। इधर कांकेर जिले के नरहरपुर में कांग्रेस ने 11 और BJP ने 4 वार्डों पर जीत दर्ज की है। वहीं सुकमा जिले के कोंटा में भी कांग्रेस ने 15 में से 14 वार्ड में विजय हासिल की। यहां भाजपा को केवल 1 वार्ड की जीत से ही संतुष्ट होना पड़ा।

advt----
advt--0005-april
advt--0007-april
advt-april2025-001
Share This: