पुलिस हेड क्वार्टर में DGP अशोक जुनेजा ने सहायक आरक्षकों की पत्नियों से मुलाकात की, मांगे पूरी कराएंगे का दिया आश्वासन

रायपुर : नवा रायपुर के पुलिस हेड क्वार्टर (PHQ) में DGP अशोक जुनेजा ने सहायक आरक्षकों की पत्नियों से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं से बात कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। पुलिस परिवार के प्रतिनिधियों का ज्ञापन लिया। इसके बाद जुनेजा ने कहा कि आपकी मांगे पूरी हों हम इसका प्रयास करेंगे। आपकी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा। उनकी बात सुनने DGP ने पुलिस परिवार को अपने साथ भोजन भी कराया। DGP से मिले आश्वासन के बाद महिलाएं नवा रायपुर से अब बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा जिलों को लौट जाएंगी। सोमवार से ये सभी महिलाएं रायपुर में विरोध-प्रदर्शन कर रहीं थीं।
मंगलवार की सुबह सहायक आरक्षकों की पत्नियों ने नवा रायुपर में हंगामा कर दिया। चीचा की सड़क घेरकर महिलाएं सड़क पर ही बैठ गईं। आनन-फानन में फिर इस जगह पर पुलिस पहुंची। करीब 2 घंटे तक चले हंगामे के बाद PHQ से बुलावा आने पर महिलाएं शांत हुईं।
सोमवार को भी दिन में नवा रायपुर में विरोध प्रदर्शन के बाद सप्रे स्कूल में बनाए अस्थाई जेल में महिलाओं को लाया गया था। रात भी इसी कैंपस में बितानी पड़ी। सभी महिलाएं प्रदेश के DGP अशोक जुनेजा से मुलाकात करना चाहती थीं। पुलिस विभाग का कोई बड़ा अफसर इन महिलाओं से मिलने नहीं आया। सहायक आरक्षकों की इन पत्नियों ने मजबूरी में छोटे बच्चों के साथ गंदगी और मच्छर के बीच रात बिताई।
यह सभी महिलाएं बस्तर, रायगढ़, बिलासपुर जैसे शहरों से रायपुर पहुंची हुई थीं। यहां किसी को जानती भी नहीं थीं। खाने का बंदोबस्त तक करने में दिक्कत हुई। महिलाओं की मांग है कि इनके पतियों की वेतन विसंगति को दूर किया जाए, पुलिस विभाग में उन्हें नियमित नौकरी दी जाए, रिटायरमेंट- पेंशन और अनुकंपा नियुक्ति के नियम लागू किए जाएं। सोमवार की सुबह इन्हीं मांगों को लेकर ये महिलाएं PHQ घेरने पहुंची थीं। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।
रात होते ही गंदगी और मच्छरों ने महिलाओं को काफी तंग किया। जहां इन्हें रखा गया था वहां निगम ने शहर से फ्लेक्स उखाड़कर फेंके थे, इसे ही बिछाकर बच्चों को उस पर सुलाया। किसी के पास चादर थी तो बच्चों को ओढ़ाया किसी ने अपने आंचल से ही मच्छरों से बचाने बच्चों को ढंक लिया। कुछ देर बाद पीने के पानी के लिए एक टैंक आया। इसका पानी और गंदगी बहकर वहां आ गई, जहां महिलाएं सो रही थीं। आधी रात ये सभी नया बस स्टैंड जाने को मजबूर हुईं, फिर वहां जाकर रात काटी।
इन महिलाओं के साथ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे उज्जवल दीवान ने कहा कि पुलिस अगर अपनी कस्टडी में किसी को रखती है तो उसके खाने-पीने का भी बंदोबस्त करती है। यहां महिलाएं और छोटे बच्चे हैं, मगर प्रशासन ने किसी का ध्यान नहीं दिया।