Trending Nowशहर एवं राज्य

रायगढ़ उपचुनाव में दोनों वार्डों में कांग्रेस जीती, सारंगढ़ के 15 में से 12 वार्डों में कांग्रेस ने बाजी मारी

रायपुर : शहरी सरकारों के गठन के लिए जनादेश का समय आ गया है। रायगढ़ नगर निगम के दो वार्डों 25 और 9 में उपचुनाव हो रहे हैं। वार्ड 25 से कांग्रेस की सपना सिदार और वार्ड 9 से कांग्रेस की ही रंजना कमल पटेल ने जीत दर्ज की। रायगढ़ की सारंगढ़ नगर पालिका के 15 वार्डों में से 12 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। वहीं तीन सीट पर अभी भी जद्दोजहद जारी है। नगर पालिका परिषद गोबरा-नवापारा उपचुनाव में वार्ड 14 में पहले चरण में भाजपा की मधु तरूण बाफना आगे चल रही हैं। उन्हें 265 मत मिले हैं। कांग्रेस की अनुजा जैन को 112 और निर्दलीय इदी चौहान को 8, निर्दलीय यामिनी मिश्रा को 49 मत मिले हैं। उपर्युक्त में से कोई नहीं को 1 मत मिला है। राजनांदगांव के खैरागढ़ नगर पालिका परिषद में भाजपा 10, कांग्रेस ने 9 वार्डों में जीत दर्ज की है। जबकि एक वार्ड-4 में टाई हो गया है। दोनों प्रत्याशियों को 387-387 वोट मिले हैं। अब सिक्का उछालकर परिणाम की घोषणा की जाएगी।

बीजापुर की भोपालपटनम नगर पंचायत में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पूरे 15 वार्डों में कांग्रेसी प्रत्याशी जीत गए हैं। सुकमा की कोंटा नगर पंचायत के 15 वार्डों में से 14 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। सिर्फ वार्ड 5 पर भाजपा प्रत्याशी को जीत मिली है। बेमेतरा की मारो नगर पंचायत के 15 में से 9 वार्डों में कांग्रेस, 5 में बीजेपी और 1 में निर्दलीय प्रत्याशी को जीत मिली है।

कांकेर के नरहरपुर जिला पंचायत के 11 वार्डों में कांग्रेस और 4 में भाजपा को जीत मिली। वार्ड 8 से कांग्रेस के वीरेंद्र जैन जीते हैं। जिले के भानुप्रतापपुर नगर पंचायत की एक सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस की जीत हुई है। कांग्रेस की शांति ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी को 4 मत से हराया है। शांति ठाकुर को 142 मत मिले तो वहीं भाजपा की कांति मरकाम को 138 मत। भानुप्रतापपुर में निर्दलीय प्रत्याशी चित्र रेखा मरकाम को मात्र एक वोट मिला।

बेमेतरा के मारो नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी सुधा तिवारी की 53 वोटों से जीत हुई है। बीजापुर की भैरमगढ़ नगर पंचायत में 10 कांग्रेस और 4 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। जबकि वार्ड नंबर 7 में रिकाउंटिंग कराई जा रही।

मतगणना केंद्रों पर भाजपा, कांग्रेस और दूसरे प्रत्याशियों के प्रतिनिधि भी मौजूद हैं। इसी बीच बीरगांव में टेबल के पास प्रत्याशी और एजेंट में से किसी एक को ही रहने देने के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। पीठासीन अधिकारी ने आवेदन मांगा है। वहीं पूर्व महापौर अंबिका यदु ने आपत्ति जताते हुए इस पर फैसला होने तक मतगणना रोकने की मांग की है।

करीब 2 हजार कर्मचारी 600 मेजों पर वोटों की गिनती कर रहे हैं। इसी गिनती से उन एक हजार 393 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जो 385 सीटों पर कब्जे के लिए कई महीनों से जनता से वोट मांग रहे थे। राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बताया, सभी जिलों में मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके लिए 29 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सभी जिलों को मतगणना स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन, निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।

बताया जा रहा है, मतगणना के लिए 2 हजार कर्मचारी और 1500 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग ने बताया, इस चुनाव में 4 लाख 88 हजार 425 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। जिसमें से 2 लाख 48 हजार 41 पुरुष, 2 लाख 40 हजार 369 महिला और 15 तृतीय लिंग समुदाय के लोग शामिल थे।

आम चुनाव वाले 15 नगरीय निकायों में 60.60% मतदान हुआ है। वहीं उप निर्वाचन का मतदान 64.85% रहा। बीरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगमों सहित 15 शहरों के 370 वार्डों में आम चुनाव हुआ था। यहां से 1345 उम्मीदवार पार्षद पद की दावेदारी कर रहे हैं। 14 शहरों के 15 वार्डों में चुनाव हुआ, जहां से 48 उम्मीदवार चुनावी मैदान मे थे।

advt_001_feb2025
advt1_jan2025
advt_002_feb2025
Share This: