CM Sai: Chief Minister announces target of 5,000 startups by 2030!
CM SAI: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड लीडर्स फोरम में वैश्विक आर्थिक जगत की प्रमुख हस्तियों के सामने छत्तीसगढ़ की आर्थिक संभावनाओं और भविष्य की विकास रणनीति का रोडमैप रखा।
उन्होंने वैश्विक निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक संसाधनों के साथ युवा मानव संसाधन, ऊर्जा, बेहतर होती कनेक्टिविटी और निवेश-अनुकूल नीतियां मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आकार करीब 6.31 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। राज्य की आर्थिक वृद्धि दर 11.57 प्रतिशत रही, जबकि प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 79 हजार 244 रुपये हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए औद्योगिक विकास नीति 2024-30, वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से जुड़े सुधार किए गए हैं।
वर्ष 2030 तक 5 हजार स्टार्टअप विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। नए उद्यमियों को अपने आइडिया को कारोबार में बदलने के लिए 10 लाख रुपये तक सीड फंड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने AI को छत्तीसगढ़ के भविष्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI प्रशिक्षण देने की योजना है।
बस्तर समेत प्रदेश के करीब 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4,824 करोड़ रुपये की आजीविका उन्नयन योजना तैयार की जा रही है। बस्तर में 421 बंद स्कूलों को दोबारा शुरू किए जाने और 34 लाख से अधिक लोगों की डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किए जाने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकोट, तीरथगढ़, कांगेर घाटी और सिरपुर समेत छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को विश्वस्तरीय पर्यटन मानचित्र से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पारंपरिक ऊर्जा के साथ अब ग्रीन एनर्जी की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले वर्षों में करीब 4 हजार मेगावाट अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य है।
नवा रायपुर और राजनांदगांव में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी अधोसंरचना, राजनांदगांव में प्रस्तावित स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, 142 एकड़ का फार्मा पार्क और टेक्सटाइल-रेडीमेड गारमेंट पार्क को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अगली विकास यात्रा प्राकृतिक संसाधनों से आगे बढ़कर ज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता आधारित अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में होगी। सरकार का अंतिम लक्ष्य निवेश के जरिए युवाओं को बेहतर रोजगार, उद्यमिता और आय के अवसर उपलब्ध कराना है।


