CG NEWS : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ पवेलियन का किया अवलोकन

CG NEWS: Chief Minister Vishnu Dev Sai visited Chhattisgarh Pavilion at World Expo 2025
रायपुर, 25 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज ओसाका (जापान) में चल रहे वर्ल्ड एक्सपो 2025 के भारत मंडपम के अंतर्गत स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन का दौरा किया। यहाँ उन्होंने प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और आधुनिक विकास को दर्शाती प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
उद्घाटन दिवस पर ही 22 हजार से अधिक दर्शक पवेलियन पहुँचे और प्रदेश की जनजातीय कला, बुनाई, हस्तशिल्प, बांस उत्पाद, हर्बल आइटम्स और पर्यटन स्थलों को देखकर उत्साहित हुए। वहीं बस्तर आर्ट और लोकसंगीत आधारित प्रस्तुतियों को भी अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों से सराहना मिली।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ परंपरा और आधुनिकता के संगम के साथ विश्व स्तर पर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश केवल धरोहर और लोकसंस्कृति तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योग, नवाचार और वैश्विक सहयोग में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पवेलियन में निवेश अवसरों और औद्योगिक क्षमता पर विशेष रूप से फोकस किया गया। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मेहमानों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें निवेश और साझेदारी के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड एक्सपो जैसे मंच पर भागीदारी से छत्तीसगढ़ न केवल भारत, बल्कि वैश्विक सहयोग का भी मजबूत केंद्र बन सकता है।
छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न देशों के निवेशकों से चर्चा की, जिसमें औद्योगिक विकास, पर्यटन संवर्द्धन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को लेकर सहयोग के नए रास्ते खुले।
इस अवसर ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ न केवल सांस्कृतिक धरोहर से समृद्ध है, बल्कि भविष्य-रेडी हब के रूप में वैश्विक पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।