
CG BIG NEWS: BJP will surround the Chief Minister’s residence, Yuva Morcha will show strength
रायपुर। राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा युवा मोर्चा की बैठक की गई। क्षेत्रीय सह संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बैठक के दौरान भाजयुमो द्वारा बेरोजगारी विषय पर विगत एक महीने से चल रहे आंदोलन की समीक्षा की। आगामी 24 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास घेराव की तैयारी को लेकर रणनीति बनाई।
सरकार को छत्तीसगढ़ का युवा उखाड़ फेंकेगा –
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा ” भाजपा की युवा इकाई भाजपा की ताकत हैं। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि हैं। छत्तीसगढ़ की सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के सपने के छत्तीसगढ़ के विपरीत काम कर रही हैं। यह दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। छत्तीसगढ़ के युवाओं को लगातार छला गया, ठगा गया और नशे का काला कारोबार फल फूल रहा हैं। अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा हैं। छत्तीसगढ़ को अपराध का गढ़ बना दिया गया है। माफिया राज चल रहा हैं। शराब माफिया, रेत माफिया, कोयला माफिया, भू-माफिया का राज चल रहा हैं। अटल जी के स्वप्न के ठीक छत्तीसगढ़ के विपरीत काम करने वाली कांग्रेस की सरकार को भारतीय जनता युवा मोर्चा का कार्यकर्ता उखाड़ कर फेंक देगा। न्याय का नारा देने वाले लगातार अन्याय कर रहे हैं और इसी अन्याय के खिलाफ भाजयुमो अपनी आवाज बुलंद कर रहा हैं।”
छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ हुए अन्याय का हिसाब मांगेगा युवा मोर्चा –
प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन ने कहा ” भाजयुमो के आंदोलन को सफल बनाने के लिए सार्थक प्रयास किया हैं। आंदोलन युवाओं का है। इसलिए 24 अगस्त को छत्तीसगढ़ का युवा राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेरने एकत्रित हो। हम ना सोयेंगे ना सोने देंगे। युवाओं को छलने और ठगने वाली छत्तीसगढ़ की सरकार की नींद उड़ा देंगे। छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ हुए अन्याय का हिसाब मांगना हैं। युवाओं के अधिकार के लिए रायपुर चलो अभियान को सफल बनाना हैं। एक महीने की मेहनत का परिणाम 24 अगस्त को युवाओं की क्रांति के रूप में राजधानी में नजर आयेगा। छत्तीसगढ़ के युवाओं की ताकत अन्याय करने वालो को दिखेगी।”
भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा ” सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेशभर के युवाओं से रायपुर चलने का आह्वान और रायपुर चलो का नारा बुलंद करते हुए एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण आज से ही करना हैं। जिला वार तैयारी की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।”