Trending Nowदेश दुनिया

यमुना में नाव पलटी 4 की मौत व 25 बह गए

फतेहपुर। बांदा से फतेहपुर जा रही नाव यमुना नदी में डूब गई। नाव में 40 से 50 लोग सवार थे। इसमें बच्चों समेत 20 से 25 महिलाएं बताई जा रही हैं। ये महिलाएं रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए मायके जा रही थीं। गोताखारों ने लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है और अब तक चार शव निकाल चुके हैं। कुछ लोग तैरकर बाहर निकल गए। अभी 25 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।
रक्षाबंधन पर्व पर समगरा गांव से महिलाएं व लोग मरका घाट पर पहुंचे थे। यमुना नदी पार करके फतेहपुर जिले के असोथर घाट जाने के लिए नाव पर करीब 50 लोग सवार हुए थे। यमुना नदी में बीच धारा में पहुंचते ही नाव असंतुलित होकर पलट गई।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, हम अपने गांव से पत्नी को लेकर ससुराल खागा राखी बंधवाने के लिए जा रहे थे। जब हम नदी के किनारे पहुंचे तो सिर्फ एक ही नाव थी। दोपहर तीन बजे का समय था नदी पार जाने वालों की भीड़ ज्यादा थी। देखते देखते नाव में करीब 50 लोग सवार हो गए और कुछ मोटर साइकिल भी नाव पर रख दी गईं।
उन्होंने बताया, नाव जब बीच नदी में पहुंची तो हिचकोले खाने लगी। लोग डर गए और इधर उधर खिसकने लगे। इसी बीच एक तरफ लोगों की संख्या ज्यादा हो गई और नाव एक दम से पलट गई। कुछ लोग तो तैरने लगे लेकिन महिलाएं और बच्चे डूबने लगे। देखते देखते बीच धार में लोग बहते चले जा रहे थे। इसी बीच पास में आई एक दो नाव ने कुछ लोगों को खींचना शुरू कर दिया। इसी में मैं भी एक नाव पर चढ़ गया। लेकिन कई महिलाएं और बच्चे बह गए।

Share This: