CG ACCIDENT BREAKING : A municipal corporation vehicle crushed a young man and woman riding a scooter…
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोमवार रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नगर निगम की कचरा गाड़ी ने स्कूटी सवार तीन दोस्तों को रौंद दिया, जिसमें एक युवक और एक युवती की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी एक साथी गंभीर रूप से घायल हुई है। यह हादसा पटेल चौक कलेक्ट्रेट के सामने हुआ, जहां आसपास खरीददारी करने वालों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, तीनों दोस्त खिलेश्वर साहू (25), सलमा (25) और कुमोदनी गोड़ स्कूटी (CG 07 CY 5899) से गंजपारा रोड से इंदिरा मार्केट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नगर निगम का ट्रक (CG 07 CZ 4314) पुलगांव की दिशा से तेज रफ्तार में आया और स्कूटी सवारों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त कुछ महिलाएं भी सड़क पार कर रही थीं, जो ट्रक की चपेट में आ गईं। इनमें कुछ को हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस ने बताया कि मृतकों को बाहरी तौर पर ज्यादा चोट नहीं, बल्कि अंदरूनी गंभीर चोटें लगी थीं। हादसे के बाद घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त स्कूटी और चप्पलें बिखरी पड़ी थीं।
डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि हादसे में शामिल नगर निगम का ट्रक डंपिंग यार्ड जा रहा था। प्राथमिक जांच में ड्राइवर की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पटेल चौक क्षेत्र में रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही आम है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। दिवाली की खरीददारी के चलते बाजार में भीड़ थी, इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हुआ। लोगों ने नगर निगम और यातायात व्यवस्था पर नाराजगी जताई है।
