जामुल के नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली शपथ: BJP ने ईश्वर को अध्यक्ष, सीमा को उपाध्यक्ष प्रत्याशी बनाया, कांग्रेस का सरोजनी और सीमा पर दांव

भिलाई : जामुल नगर पालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। BJP ने ईश्वर ठाकुर को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। जबकि सीमा यादव उपाध्यक्ष पद की प्रत्याशी होंगी। वहीं कांग्रेस ने अध्यक्ष के लिए सरोजनी चंद्रकार और उपाध्यक्ष पद के लिए सुनीता चननेवार को उम्मीदवार बनाया है। चारों प्रत्याशी नामांकन के लिए पहुंच गए। इस दौरान पालिका के अंदर नहीं जाने से भाजपाइयों और पुलिस के बीच झड़प भी हो गई।
देर से नामांकन की प्रक्रिया पहले ही शुरू हुई थी। इस बीच भाजपा समर्थक नगर पालिका में पहुंच गए। वह अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस का कहना था कि समय अधिक हो गया है। इसके चलते एंट्री बंद कर दी गई। भाजपाइयों ने इसका विरोध किया। हालांकि फिर उन्हें जाने दिया गया।
इससे पहले नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई गई। अब कुछ देर में दोनों पदों के लिए मतदान शुरू होगा। यहां दो निर्दलीय के समर्थन के साथ भाजपा पूर्ण बहुमत में है, लेकिन अध्यक्ष पद की खींचतान में पहले से ही दो गुटों में भी बंटती दिखाई दे रही थी। इसका फायदा उठाने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत लगा रही है। कांग्रेस के पास इस समय एक निर्दलीय सहित 6 पार्षद हैं, जो कि बहुमत से काफी दूर है।
वर्तमान स्थिति को देखते हुए भाजपा में दो बार पालिका अध्यक्ष रह चुके वरिष्ठ नेता रेखराम बंछोर प्रबल दावेदार थे। जबकि ईश्वर ठाकुर अध्यक्ष पद की मांग को लेकर अड़े थे। हालांकि तमाम जद्दोजहद के बाद गेंद उनके ही पाले में गई है। वहीं कांग्रेस में जामुल की पूर्व पालिका अध्यक्ष सरोजनी चंद्राकर स्वत: दावेदार थीं।
जामुल नगर पालिका के पार्षदों में भाजपा के 10, कांग्रेस के 5, जोगी कांग्रेस का एक और 4 निर्दलीय शामिल हैं। 4 निर्दलीय में 4 ने भाजपा और तो वहीं एक ने कांग्रेस में समर्थन दे दिया है। अब एक निर्दलीय और जोगी कांग्रेस को भी कांग्रेस में मिलाने की रणनीति चल रही है। इन दो को मिलाने के बाद भी कांग्रेस बहुमत से दूर है।
हालांकि कांग्रेस यह दावा कर रही है उनके पास 8 पार्षद हो चुके हैं और भाजपा से क्रॉस वोटिंग करवाकर वह बहुमत को पा लेंगे। वहीं भाजपा पहले से ही बहुमत से एक अधिक पार्षदों का दल लेकर अज्ञातवास पर घूम रही है।
इस कारण से बंछोर का विरोध
जामुल से भाजपा के 10 पार्षद हैं। भाजपा से रेखराम बंछोर अध्यक्ष पद के लिए काफी पहले से पार्टी नेताओं की पसंद हैं। अब चर्चा यह भी है कि सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय तो बंछोर के पक्ष में हैं, लेकिन सांसद सरोज पांडेय की राय उनसे कुछ अलग है। हालांकि कुछ पार्षदोंने तो यहां तक कहा था कि अगर रेखराम बंछोर को टिकट नहीं मिली तो वह क्रॉस वोटिंग करेंगे।