CG WOMEN SUICIDE : Fed up with harassment from her in-laws, a woman committed suicide; CCTV footage shows the evidence.
जगदलपुर। करपावंड क्षेत्र में 15 अक्टूबर को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बिहार की रहने वाली सृष्टि उर्फ प्रिया गुप्ता ने सुसाइड नोट लिखकर छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। अपने पिता को लिखे सुसाइड नोट में उसने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें मारपीट, दहेज प्रताड़ना और चरित्र हनन तक की बात लिखी है।
सुसाइड नोट में प्रिया ने लिखा “पापा, मैं बहुत परेशान हूं… मुझे मेरे परिवार वाले घसीटकर मारते हैं। दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं, गालियां देते हैं। आज मेरा चिरहरण किया गया। सुबह 7:35 का CCTV फुटेज देखना, सबूत मिल जाएगा…”
करीब 11 साल पहले बिहार के रोहतास जिले की प्रिया की शादी करपावंड के व्यापारी सतेंद्र गुप्ता से हुई थी। प्रिया की तबीयत लंबे समय से खराब रहती थी, लेकिन पति ने कभी इलाज नहीं करवाया। वह अक्सर उसकी पिटाई करता था यह बात प्रिया ने अपने सुसाइड नोट में भी लिखी है।
15 अक्टूबर की सुबह उसने छत से छलांग लगाकर जान दे दी। पहले ससुराल पक्ष ने इसे सामान्य हादसा बताया, लेकिन सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने जांच का रुख बदल दिया।
पति गिरफ्तार, जांच जारी
ASP महेश्वर नाग ने बताया कि महिला के पति सतेंद्र गुप्ता को 26 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ BNS की धारा 108, 115(2), 296, 351(2) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज समेत सभी साक्ष्य खंगाल रही है।
