Trending Nowशहर एवं राज्य

CG PANCHAYAT CHUNAV 2025 : जनता ने चुना विकास का मार्ग, नक्सलवाद को दिखाया बाहर का रास्ता – मुख्यमंत्री साय

CG PANCHAYAT CHUNAV 2025: People chose the path of development, showed Naxalism the way out – Chief Minister Sai

रायपुर। छत्तीसगढ़ के त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के पहले चरण में लोकतंत्र ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। दशकों तक नक्सलवाद से प्रभावित बस्तर अब लोकतंत्र के उजाले की ओर बढ़ रहा है। सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में वर्षों बाद पहली बार ग्रामीण पंचायत चुनाव में मतदान कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर की जनता ने हिंसा को नकारकर विकास का मार्ग चुना है। यह बदलाव राज्य और केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति, सतत विकास कार्यों और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने कहा, “यह केवल एक चुनाव नहीं बल्कि लोकतंत्र के प्रति बढ़ते विश्वास और भयमुक्त समाज की दिशा में एक बड़ा कदम है।”

बस्तर में नक्सलवाद पर लोकतंत्र की जीत

बस्तर में इस बार नक्सलियों द्वारा पंचायत चुनावों का कोई विरोध नहीं किया गया, जो 40 से अधिक नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना और ग्रामीणों में विश्वास बहाल करने की सरकार की रणनीति का परिणाम है। सबसे अहम बात यह है कि नक्सली कमांडर हिड़मा के गांव पूवर्ती में भी इस बार ग्रामीण मतदान के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं। यह बदलाव लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत को दर्शाता है।

राज्य के अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों जैसे मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दंतेवाड़ा और गरियाबंद में भी मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। बीजापुर के पुसनार, गंगालूर, चेरपाल, रेड्डी और पालनार जैसे क्षेत्रों में ग्रामीणों ने निर्भीक होकर मतदान किया।

बस्तर में लोकतंत्र की मजबूत जड़ें, नक्सलवाद के खात्मे की ओर निर्णायक कदम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के अंत की प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुसार, मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य सरकार बस्तर के नागरिकों को विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कें, पुल, स्कूल, अस्पताल और रोजगार परियोजनाओं को प्राथमिकता देने से ग्रामीणों का शासन और लोकतंत्र पर विश्वास बढ़ा है।

मुख्यमंत्री साय ने इस उपलब्धि पर कहा, “बस्तर में अब ‘गनतंत्र’ नहीं, बल्कि ‘गणतंत्र’ की विजय हो रही है। यह उन सभी ग्रामीणों की जीत है, जिन्होंने भय को त्यागकर लोकतंत्र को अपनाया। यह सुरक्षा बलों के परिश्रम, सरकार की दूरदृष्टि और जनभागीदारी का प्रतिफल है।”

लोकतंत्र की इस जीत में हर नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और सफल मतदान यह साबित करता है कि लोकतंत्र के प्रति आमजन की आस्था और मजबूत हुई है। जनता ने यह दिखा दिया कि वे अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह जागरूक हैं।

यह जीत बस्तर के हर नागरिक की है, जिन्होंने निडर होकर मतदान किया और लोकतंत्र को अपनाया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

advt03-march2025
advt02-march2025
advt-march2025
birthday
Share This: