CHHATTISGARH ELECTION : विधानसभा चुनाव प्रदेश के लिए यादगार रहा…खूब गरजे मोदी, राहुल और खरगे

CHHATTISGARH ELECTION: Assembly elections were memorable for the state…Modi, Rahul and Kharge roared a lot
रायपुर। इस बार का विधानसभा चुनाव प्रदेश के लिए यादगार बन गया। राज्य बनने के बाद अब तक हुए चुनावों में इस बार रिकार्ड सभाएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रधानमंत्री से लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों के कई केंद्रीय नेता शामिल थे। इस तरह लगभग 35 दिनों में 100 से अधिक सभाओं को एक करोड़ से अधिक लोगों ने सुना। चुनाव की घोषणा होते ही स्टार प्रचारकों ने मोर्चा संभाल लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं छह सभाएं की। गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी सभाओं में खूब गरजे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महासमुंद, मुंगेली, कांकेर और दुर्ग में बड़ी चुनावी सभाएं कीं। गृह मंत्री अमित शाह ने राजनांदगांव, चंद्रपुर, बिलासपुर, बस्तर, जगदलपुर, कोंडागांव, कांकेर, कवर्धा, जशपुर आदि सीटों में गरजे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने अंतागढ़, डोंगरगांव, पंडरिया, कवर्धा, बिरगांव में सभा के साथ रोड-शो भी किया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अंबिकापुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, जगदलपुर और खरिसया में सभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी 15 नवंबर को रायपुर में रोड-शो में शामिल हुईं। इसके अलावा उन्होंने कुरुद, बिलासपुर, बालोद और खैरागढ़ में रैलियों को संबोधित किया। खरगे ने भी कई सभाएं कीं।
इन्होंने भी फूंकी जान
भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सहित केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, स्मृति ईरानी सहित कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं और पूर्व केंद्रीय नेताओं ने भी सभा में मोर्चा संभाला। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस की छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा ने सरकार के पांच सालों के काम को बताने के लिए ताबड़तोड़ रैलियां की।