
रायपुर। आज के दौर में बच्चे बहुत प्रतिभाशाली है, लेकिन उन्हें सही दिशा देने की आवश्यकता है। सही दिशा नहीं देने की वजह से बच्चे दिशाहीन होते जा रहे हैै और यही परिवार में अशांति बढऩे का कारण है। जो भी काम करो होश में करो, आज जो काम हो रहे है वह होश में नहीं हो रहे है। होश में कभी भी गलत कार्य नहीं होते गलत कार्य हमेशा मनुष्य बेहोशी में ही करता है। जीवन के इस शतरंज में प्रयास करना मनुष्य का काम है और परिणाम देना परमात्मा का। श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन संतान सूत्र पर ये बातें पंडित विजय शंकर मेहता ने कहीं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेष में जिस प्रकार से माता-पिता अपने संतानों का पालन-पोषण कर रहे है उसमें संघर्ष का अभाव है, बिना संघर्ष के ही उनकी सारी इच्छाएं पूरी की जा रही है, यही संतानों के जीवन से भटकने का मूल कारण है। क्योंकि बिना संघर्ष के ही वह सब कुछ प्राप्त हो रहा है, संघर्ष उनके माता-पिता कर रहे है और अशांत भी वही है। उन्होंने महाभारत की माता कुंती व गंधारी का दृष्टांत के माध्यम से बताया कि कैसे माता कुंती ने अभाव में भी अपने बच्चों का पालन-पोषण किया और उन्हें धर्म के रास्ते पर चलना सीखाया। वहीं दूसरी ओर गंधारी ने विलासिता में अपने 100 पुत्रों का पालन-पोषण किया लेकिन एक भी योग्य नहीं निकला क्योंकि गंधारी ने उनकी ऊर्जा का रुपांतरण ही नहीं किया।