फिल्म थैंक गाड में चित्रगुप्त महाराज के चित्रण पर समाज ने जतायी आपत्ति,पुलिस में शिकायत

रायपुर। बालीवुड फिल्म थैंक गाड में चित्रगुप्त महाराज को असभ्य रूप से प्रदर्शित करने पर चित्रगुप्त समाज ने रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी मांग है कि तत्काल फिल्म से इस तरीके के अश्लील चीजों को हटाया जाए। अगर नहीं हटाया गया तो चित्रगुप्त समाज आंदोलन करेगा।
चित्रगुप्त समाज के वरिष्ठ पदाधिकरी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि फिल्म में महाराज चित्रगुप्त को शूट बूट में दिखाकर अश्लील चित्रण किया गया है। फिल्म के डायलाग में अश्लीलता है। इस तरह की फिल्म से कायस्थ समाज की आस्था पर चोट पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इस पूरे विषय को कायस्थ समाज ने संज्ञान में लिया है। रायपुर के सीएसपी को ज्ञापन देकर इस फिल्म पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है और फिल्म पर रोक लगाने की मांग की गई है। इस फिल्म का प्रदर्शन तब तक नहीं होना चाहिए जब उसके विवादित चित्रण हट नहीं जाते।