
दंतेवाड़ा: शहीद महेंद्र कर्मा की बेटी और जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा के घर लाखों की चोरी हुई है। चोरों ने 14 लाख के जेवरात समेत 50 हजार रुपए नगद पार कर लिए हैं। इनमें हीरे से जड़े जेवरात भी थे। बताया जा रहा है कि, कोर्ट कॉलोनी में स्थित घर का दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोर घर में घुस गए।
जेवर की कीमत करीब 14 लाख रुपए बताई जा रही है। जबकि, अलमारी में रखे 50 हजार नगदी भी पार हो गए। घटना की जानकारी देते सुलोचना ने बताया कि, दो दिन पहले अज्ञात व्यक्तियों ने मेरी कामवाली से मेरे आने-जाने के समय को लेकर पूछताछ की थी। जिसकी जानकारी मैंने तत्काल पुलिस को दी थी। सुलोचना ने कहा कि, मेरे घर के चारों ओर बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने पुलिस अधीक्षक से पत्राचार की थी, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिसके चलते आज इतनी बड़ी घटना हो गई।
सुलोचना ने कहा कि शहर में बहुरुपियों और फेरीवालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इन सब बाहरी व्यक्तियों के नाम एवं पते थानों में एंट्री नहीं किए जाते हैं। जिससे यह घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। इधर, इस मामले में पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश करने जुट गई है।